मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सत्रीना गांव में सोमवार को सीमा सुरक्षा बल के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग उसके घर पहुंचे तो उसकी पत्नी को खून से लथपथ जमीन पर पाया। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी गुलाम हसन चौहान बीएसएफ की 193 बटालियन में कांस्टेबल है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग राजस्थान में थी। वह हाल ही में छुट्टी पर घर आया हुआ था। उन्होंने बताया कि मौके से उसकी सर्विस राइफल भी जब्त कर ली गई है। शुरूआती जांच में यह पता चला है कि दोनों के बीच हुई काफी देर तक कहासुनी हुई थी।
इसके बाद उसने अपनी पत्नी पर गोलियां दाग दीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कई घंटे तक श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर धरना प्रदर्शन किया। वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और ट्रैफिक बहाल किया गया।