फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP के मुस्लिम उम्मीदवार बने बागी, छोड़ी पार्टी

Thu, 10 Apr 2014 07:55 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू, श्रीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के घोषणापत्र में राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे मुद्दों को शामिल किए जाने से नाराज श्रीनगर-बडगाम सीट से पार्टी के उम्मीदवार आरिफ मजीद पंपोरी ने बुधवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।
विज्ञापन


इसके बाद भाजपा ने पार्टी के महासचिव रहे फैयाज अहमद भट्ट को प्रत्याशी बनाया और आनन-फानन में उन्होंने नामांकन भी भर दिया। इससे पूर्व पंपोरी ने भाजपा को मुस्लिम विरोधी करार देते हुए पार्टी छोड़ने का कारण मंदिर तथा अनुच्छेद 370 को घोषणापत्र में शामिल किया जाना बताया।

भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल उक्त मुद्दों से रियासत में सियासत गर्मा गई है। सत्ताधारी नेकां और विपक्षी दल पीडीपी ने अनुच्छेद 370 हटाने के भाजपा के वादे पर सख्त रुख इख्तियार कर लिया है।
विज्ञापन

फारूख और मुफ्ती ने भी की आलोचना

नेकां संरक्षक और श्रीनगर से प्रत्याशी डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने साफ कर दिया कि 370 रियासत और देश के बीच एक पुल है। पीडीपी संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का कहना है कि ऐसी बातों से रियासत में विश्वास और अमन बहाली के कदमों को झटका लगेगा।

बकौल मुफ्ती इस अनुच्छेद से कश्मीरी अवाम भावनात्मक तौर पर जुड़ा है। सीपीएम विधायक एमवाई तारीगामी और पीडीएफ चेयरमैन हकीम यासीन ने स्पष्ट किया कि इससे धर्मनिरपेक्षता को खतरा पैदा हो जाएगा। लिहाजा भाजपा को ऐसे विवादास्पद मसलों से अवाम और रियासत में अहम बहाली के हित में बचना चाहिए।

पैंथर्स पार्टी के मुख्य संरक्षक प्रो. भीम सिंह का कहना है कि अनुच्छेद 370 में संशोधन समय की जरूरत है। अगर वह उधमपुर डोडा संसदीय सीट से विजयी रहे तो संसद में पहुंचकर वह विभिन्न पार्टियों के सांसदों में अनुच्छेद 370 पर आम राय बनाने की दिशा में काम करेंगे ताकि अनुच्छेद में संशोधन किया जा सकें।
विज्ञापन

'राजनाथ सिंह ने किया मेरे साथ धोखा'

बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तुलसी दास लंगेह का मानना है कि अनुच्छेद 370 काफी पुराना हो चुका है और इसे हटाया जाना चाहिए। मौजूदा समय में इस अनुच्छेद की रियासत जम्मू कश्मीर में जरूरत नहीं है। अनुच्छेद को लेकर विवाद भी होता रहा है। ऐसे में इसको खत्म ही होना चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा के मुताबिक पार्टी ने पंडित जवाहर लाल नेहरू ने संसद में खुद कहा था कि यह अस्थायी प्रावधान है। अनुच्छेद 370 समय के साथ घिसते घिसते खत्म हो जाएगा। 370 ने राज्य में राष्ट्रवाद की जगह अलगाववाद पैदा किया, इसलिए भाजपा इसे हटाने की वकालत कर रही है। राम मंदिर निर्माण का वादा भी देश के हिंदू समाज की भावनाओं से जुड़ा है।

भाजपा से विद्रोह करने वाले पंपोरी ने कहा, ‘मैं पिछले पांच वर्षों से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहा। मुझे श्रीनगर-बडगाम सीट का उम्मीदवार भी बनाया गया था, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जम्मू में मुलाकात के दौरान अनुच्छेद 370 पर विचार-विमर्श करने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा न करके उन्होंने उनके साथ धोखा किया है।’ पंपोरी ने कहा कि उन्होंने इस मसले पर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह तथा कुछ दूसरे नेताओं से बात भी की, लेकिन कोई बात नहीं बनी। इसके विरोध में ही पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें