जम्मू कश्मीर में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम की एक पार्टी 'भारतीय मोदी आर्मी' (बीएमए) का श्रीनगर में कार्यालय खोला गया। हालांकि बीजेपी की जम्मू-कश्मीर ईकाई ने 'भारतीय मोदी आर्मी' के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है।
सोमवार को श्रीनगर के राजबाग इलाके में 'भारतीय मोदी आर्मी' के ऑफिस का उद्घाटन हुआ था। ऐसा बताया जा रहा है कि यह संगठन नरेंद्र मोदी के प्रशंसकों की ओर से शुरु किया गया है। शहर के कई इलाकों में ‘भारतीय मोदी आर्मी’ (बीएमए) के पोस्टर नजर आने के बाद भाजपा सकते में है।
पार्टी ने इस संगठन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर उनसे कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर 'भारतीय मोदी आर्मी' ने अपनी सफाई में कहा है कि यह संगठन मोदी के प्रशंसकों का है और पिछले सात सालों से सक्रिय है।
भारतीय मोदी आर्मी
- फोटो : सोशल मीडिया
बीएमए के मुताबिक इस संगठन में 14 लाख से ज़्यादा कार्यकर्ता हैं जो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धर्मनिरपेक्ष छवि और उनके विजन को प्रसारित कर रहे हैं। संगठन के पहुंच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान तक है। इस सभी राज्यों में इस संगठन के कार्यालय हैं। बीएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव आहूजा का कहना है कि हमारा बीजेपी से कोई वास्ता नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने श्रीनगर आईजी जावेद मुज्तबा गिलानी को पत्र लिखकर बीएमए की गतिविधियों को रोकने की मांग की है। हालांकि आईजी के मुताबिक उन्हें अभी तक ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है।
भाजपा की ओर पेश की सफाई में कहा गया है कि, 'उनका इस संगठन से कुछ लेना-देना नहीं है। कुछ बदमाश लोग बीएमए नाम का एक संगठन चला रहे हैं और उनकी गतिविधियों के बारे में अभी ठीक से पता भी नहीं है।'