सिविल मिलिट्री लाइजन कांफ्रेंस में लिए गए फैसलों के आधार पर सेना सरकारी जमीन वापस करने को तैयार है। राज्यपाल एनएन वोहरा ने सेना के नार्दर्न कमांड प्रमुख जीओसी इन सी लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा के साथ बैठक में लाइजन कांफ्रेंस में लिए गए फैसलों के अनुपालन की समीक्षा की।
विचार-विमर्श के बाद हुए निर्णय में उत्तरी कमान मुख्यालय जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस के पास स्थित 16.30 एकड़ जमीन, श्रीनगर स्थित टैटू ग्राउंड की 212 एकड़ जमीन, अनंतनाग स्थित हाई ग्राउंड की 456.60 कनाल जमीन के अलावा कारगिल के खुरबा थांग स्थित जमीन को सेना 31 मार्च 2016 से पहले सरकार को सौंप देगी। 31 मार्च से पहले ही मुख्य सचिव के कारगिल दौरे पर खुरबा थांग की जमीन भी हस्तांतरित कर दी जाएगी।
सेना के साथ जमीन के तमाम मामले निपटाने के लिए बनाई गई कमेटी के चेयरमैन मुख्य सचिव हैं। श्रीनगर में टैटू ग्राउंड की जमीन के मामले में राज्यपाल और सैन्य कमांडर 31 मार्च से पहले वहां का दौरा करेंगे और इस जमीन पर पार्क व अन्य निर्माण के प्रस्ताव पर विचार करेंगे।
राज्यपाल ने मुख्य सचिव के नेतृत्व वाली कमेटी को जम्मू यूनिवर्सिटी, कारगिल और अनंतनाग का दौरा करने के निर्देश दिए, ताकि जमीन वापस लेने की तमाम औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी की जाएं।