जम्मू कश्मीर के नौशेरा जिले के राजल इलाके में सोमवार को सेना का एक टोही विमान गिरने से हड़कंप मच गया। हालांकि इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
विमान गिरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में इलाके के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और विमान के मलबे को अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर के वक्त राजल स्थित शिव मंदिर के पास सेना का एक टोही विमान गिर गया। इससे गांव के लोग सहम गए।
घटनास्थल के पास ही खेतों में काम कर रहे किसान राम स्वरूप ने बताया कि तेज आवाज के साथ आसमान से कोई चीज गिरते देखी। वह जब मौके पर पहुंचा तो एक टूटा फूटा छोटा विमान था। इसके बाद आसपास के लोग भी जमा हो गए।
उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और सैन्य अफसर मौके पर पहुंचे। गांव के सरपंच अशोक शर्मा ने बताया कि पहली बार इस तरह का हादसा गांव में पेश आया है।
अगर यह किसी मकान पर गिरा होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। मौके पर उपस्थित सैन्य अधिकारी ने कहा कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि किन कारणों से हादसा हुआ।