अपने पति के साथ अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर
- फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अपनी शादी के बाद पहली बार पहुंची कश्मीर। कश्मीर की सुंदरता और मेहमाननवाजी की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा देना चाहेंगी।
मार्च महीने की शुरुआत में कश्मीरी मॉडल मोहसिन अख्तर मीर के साथ मुंबई में चुपके से शादी के बंधन में बंधने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला पहली बार कश्मीर घूमने पहुंची। बुधवार को डल झील और उसके आसपास के इलाकों की सैर करते हुए उर्मिला ने कश्मीर की सुंदरता और यहां की मेहमाननवाजी की काफी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि यहां की सुंदरता ऐसी है, जिसे लफ्जों में बयां नहीं किया जा सकता। इसका सही अनुभव यहां आकर घूमने के बाद ही होता है। साथ ही यहां के लोगों के बारे में उन्होंने कहा कि लोग काफी खुश दिल हैं और मेहमाननवाजी में उनकी तुलना कोई नहीं।
उर्मिला ने कहा, कश्मीर और बॉलीवुड का पुराना रिश्ता
अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर
- फोटो : FILE
उर्मिला ने यह भी कहा कि कश्मीर और बॉलीवुड का पुराना रिश्ता है। उन्होंने हाल ही में कश्मीर में फिल्मायी गई फितूर और अन्य कई फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि बॉलीवुड की शुरुआत कश्मीर में फिर से हो गई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे एक अच्छा संदेश बाहर जाएगा और भविष्य में कश्मीर में बॉलीवुड द्वारा और फिल्में भी दर्शाई जाएंगी। उन्होंने कश्मीर की सुंदरता की तारीफ करते हुए कहा कि कश्मीर काफी हसीन है और वो चाहती हैं कि कश्मीर को प्रमोट करें, ताकि कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
कश्मीर की बहू बनने के बाद यह उर्मिला का पहला कश्मीर का दौरा था। वह अपने पति मोहसिन अख्तर मीर के साथ कश्मीर घूमने आई हैं। उर्मिला और मोहसिन मंगलवार को कश्मीर पहुंचे और यहां की हसीन वादियों का एकांत में लुत्फ उठाया।
बुधवार को भी वह डल झील, परी महल, चश्मा शाही के साथ-साथ अन्य कई जगह घूमने गए। उर्मिला और मोहसिन हाउसबोट में ठहरे हैं और यह उनका हनीमून ट्रिप है। जानकारी के अनुसार वीरवार को वह वापिस लौट रहे हैं।