जम्मू संभाग में हुए अलग-अलग हादसों में चार पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों की मौत हो गई।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन थाना अंतर्गत डिगडूल इलाके में पुलिस की एक जिप्सी शनिवार की देर रात गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में जिप्सी में सवार ड्राइवर सहित चार पुलिस कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बारे में रविवार की शाम चार बजे पता चल पाया। उक्त एस्कार्ट जिप्सी जम्मू (वेस्ट) के विधायक चमनलाल गुप्ता की थी, जो श्रीनगर की ओर जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार विधायक चमनलाल गुप्ता ने सोमवार को विमान से श्रीनगर पहुंचना था।
शनिवार को सिक्यूरिटी विंग की जिप्सी पर सवार होकर चार पुलिस कर्मचारी श्रीनगर की ओर निकले।
रविवार को वे जब श्रीनगर नहीं पहुंचे तो वहां से इसकी जानकारी जम्मू पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम से रामबन पुलिस को अपने इलाके में तलाशी अभियान चलाने के निर्देश जारी किये गए।