विधायक के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश में साफ है कि यदि कोई भी पुलिसकर्मी इसमें दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिला पुलिस की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर हर तरफ अलर्ट था। तभी बख्शी नगर पुलिस को पीसीआर की तरफ से सूचना दी गई कि कोई पुलिस की वर्दी में सादी जैकेट पहनकर हथियारों के साथ घूम रहा है।
इसके बाद पुलिस ने उक्त संदिग्ध वर्दी वाले का पता किया और देखा कि वह एक वाहन में बैठा हुआ है। इसके बाद उससे पूछताछ की। पूछताछ में पाया गया कि वह कश्मीर संभाग के एक विधायक अब्दुल मजीद भट्ट का पीएसओ है। तब वाहन में विधायक भी मौजूद थे। इसके बाद उन्हें जाने दिया गया।
लेकिन इसके बाद विधायक ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात कर कहा कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। इसकी जांच होनी चाहिए। विधायक की मांग पर एसएसपी सुनील गुप्ता ने बुधवार को इस मामले की जांच के आदेश दिए।