मध्य कश्मीर के बडगाम जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार को नीगो बरेनवार इलाके में आईपीटीएस स्कूल खान साहिब की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में बस के ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ मातम छा गया। मृतक ड्राइवर की पहचान खान साहिब के कचवारी निवासी जहूर अहमद लोन के बेटे शाहिद अहमद लोन के रूप में हुई है, जिसने इस हादसे में अपनी जान गंवा दी।स्थानीय सूत्रों ने बताया कि यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस भयानक दुर्घटना में खान साहिब के राययार के रहने वाले दो छात्र, तंजील-उल-इस्लाम और इलाफ अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों मासूमों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरस्यार ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें उप-जिला अस्पताल चाडूरा रेफर कर दिया गया।
एसडीएच चाडूरा के एक डॉक्टर ने बताया कि चोटें बेहद गंभीर होने के कारण दोनों बच्चों को बेहतर और विशेष इलाज के लिए श्रीनगर के श्री महाराजा हरि सिंह (एसएमएचएस) अस्पताल भेज दिया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दुखद घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। इस बीच पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और अब उन कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है जिसकी वजह से यह भयानक हादसा हुआ।