नामांकन पत्र में उम्र विवाद को लेकर चर्चा में रहे केंद्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला का नामांकन आखिरकार सही करार दिया गया, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने उम्र विवाद को लेकर उनका नामांकन रद्द करने की रिटर्निंग अफसर से मांग की थी।
आप प्रत्याशी राजा मुजफ्फर भट की ओर से पार्टी कार्यकर्ता शहनवाज सुल्तान ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि 2008 में फारूक ने अपनी उम्र 66 साल बताई थी और छह साल बाद उनकी उम्र 76 साल हो गई है।
रिटर्निंग अफसर फारूक अहमद शाह ने बताया कि फारूक अब्दुल्ला का नामांकन सही पाया गया, इसलिए शिकायत खारिज कर दी गई है।
इस मामले पर फारूक अब्दुल्ला ने स्पष्ट किया कि 2008 में मतदाता सूची में उनकी उम्र 66 साल दिखाई गई थी। यह क्लेरिकल गलती थी, जिसे उस समय चुनाव के बाद तत्काल सुधार लिया गया था। नई मतदाता सूची के अनुसार उनकी उम्र सही है।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद श्रीनगर लोकसभा सीट से अब 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस सीट के लिए कुल 16 नामांकन जमा हुए थे, जिनकी जांच रिटर्निंग अफसर श्रीनगर एफए शाह की देखरेख में हुई।
15 नामांकन सही पाए गए, जबकि आजाद प्रत्याशी निसार अहमद अहंगेर (नौशेरा) का नामांकन अधूरा होने के कारण उसे खारिज कर दिया गया। इस सीट के लिए नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 12 अप्रैल (दोपहर तीन बजे तक) है, जबकि मतदान 14 अप्रैल को होगा।