विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने केंद्रीय अक्षय ऊर्जा मंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला के बयान पर सोमवार को हर तरफ हंगामा किया।
पुंछ में प्रदर्शन करते हुए दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जम्मू-कश्मीर देश का अभिन्न अंग है इसके कोई अलग नहीं कर सकता। इसलिए डॉ. फारूक को ओछी बयानबाजी से बाज आना चाहिए।
दोपहर बाद करीब तीन बजे पुंछ के मुख्य बाजार में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता सुनीर बख्शी, सौरभ शर्मा और विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान एवं प्रदेश मंत्री नीशू गुप्ता की अगुवाई में फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस दौरान नीशू गुप्ता ने देश विरोधी और भड़काऊ भाषण के लिए डॉ. अब्दुल्ला का नामांकन रद्द करने की मांग की। क्योंकि उनके बयान से देश की एकता और अखंडता को धक्का लगा है।
वहीं प्रदर्शनकारियों ने इस बात की चेतावनी दी कि अगर फारूक ने फिर ऐसा बयान दिया तो विहिप और बजरंग दल डॉ. फारूक को कहीं आने नहीं देगा।
वहीं दूसरी ओर राजोरी में विहिप और बजरंग दल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए फारूक अब्दुल्ला के बयान की कड़ी निंदा की। बजरंग दल के राज्य उप प्रधान करण ठाकुर ने कहा कि राज्य में आतंकवाद फारूक की ही देन है। फारूक और उनके बेटे उमर पहले ही राज्य को बर्बादी की तरफ धकेल रहे हैं।
गौर रहे कि फारूक ने भाषण में कहा था कि मोदी को वोट देने वालों को समंदर में डूब जाना चाहिए। इस अवसर पर विहिप के युगवीर गुप्ता, जिला प्रधान सप शर्मा ने फारूक को चेतावनी देते हुए कहा कि वह इस प्रकार की बयान बाजी देने से परहेज करें। अन्यथा आंदोलन छेड़ा जाएगा।