श्रीनगर एनआईटी में छात्र अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। करीब 950 छात्र एनआईटी कैंपस छोड़कर अपने घरों को रवाना हुए हैं। छात्रों ने कहा कि आगे का कार्यक्रम अब दिल्ली में तय होगा।
एनआईटी कैंपस के भीतर अभी भी तनाव की स्थिति कायम है। छात्रों का कहना है कि उन्हें कोई आश्वासन लिखित रूप से नहीं दिया गया। घर जाने के लिए छात्रों को गेट के बाहर जाकर टैक्सी सुविधा लेने की इजाजत नहीं दी गई।
उनके लिए टैक्सियों को कैंपस के अंदर बुलाया गया। इस बीच सोमवार को एनआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की भी बैठक हुई। जिसमें चल रहे विवाद और छात्रों की मांगों पर विचार विमर्श किया गया। मिली जानकारी के अनुसार बैठक में एनआईटी को शिफ्ट करने करने की छात्रों की मांग को खारिज कर दिया गया।
इसके अलावा यह भी पता लगा है कि छात्रों की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं अब जांच के लिए बाहर भेजी जाएंगी। बाहर से भी कुछ फैकल्टी को यहां बुलाकर पुस्तिकाएं जांचने की भी व्यवस्था की जा सकती है। हालांकि इसकी किसी ने आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।