लगातार निकल रही तेज धूप से अधिकतम तापमान में शुक्रवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई। लोग धूप का आनंद तो ले रहे हैं, लेकिन तेज धूप के चलते अधिक देर धूप में नहीं बैठते हैं। लोग रोज बारिश का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि शुष्क सर्दी के चलते सड़क किनारे उठ रही धूल मिट्टी के कारण कई बीमारियों की आशंका बनी रहती है।
सुबह से ही तेज धूप निकली हुई थी, लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन बाद बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे लोगों को बारिश होने की आस भी बंध गई है। बारिश होते ही धूल मिट्टी बैठ जाएगी और मौसमी बीमारियों पर भी कुछ हद तक अंकुश लगेगा। सुबह शाम को लोग ठंड से निजात पाने के लिए आग, हीटर का सहारा ले रहे हैं। दिनभर तेज धूप लोगों को वैसे ही सर्दी से राहत प्रदान कर रही है। एयरफोर्स मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।