उधमपुर। शहर में दिन प्रतिदिन पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है और अब शहरवासियों ने पानी की किल्लत को लेकर सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। करीब 15 दिन से पानी की सप्लाई न मिलने से परेशान शहर के वार्ड नंबर 16 के लोगों ने शुक्रवार दोपहर को एकजुट होकर पीएचई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द पानी की सप्लाई न मिलने पर अधिकारियों का घेराव करने की चेतावनी दी।
दोपहर के समय शहरवासियों ने लवली नाम की महिला के नेतृत्व में एकजुट होकर प्रदर्शन किया और पीएचई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान लवली ने बताया कि करीब 15 दिन से वार्ड में एक बूंद पानी की सप्लाई पीएचई विभाग की तरफ से नहीं दी गई है और बिना पानी के जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। सर्दियों में हमेशा पानी की किल्लत से राहत मिलती थी, लेकिन इस बार सर्दियों में गर्मियों से भी ज्यादा पानी की समस्या बनती जा रही है। वार्ड से बावली करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी है। मजबूरन लोगों को बावली से पानी भर कर गुजारा करना पड़ रहा है। कई बार पानी की किल्लत को दूर करने की मांग को पीएचई विभाग के अधिकारियों के सामने रखा है। हर बार अधिकारियों की तरफ से जल्द पानी की सप्लाई उपलब्ध करवाने के आश्वासन दिए गए, लेकिन अभी तक पानी की एक बूंद भी नहीं मिली है। मजबूर होकर आज सभी सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर अब भी उनको पानी की सप्लाई उपलब्ध नहीं करवाई गई तो मजबूरन अधिकारियों का घेराव करने के साथ ओवर हेड टैंक के बाहर धरना देकर प्रदर्शन करेंगे।