पुंछ। भारत पाक नियंत्रण रेखा पर स्थित चक्कां दा बाग पर सोमवार को राह-ए-मिलन के लिए गेट खोले गए। इस दौरान पुंछ रावलाकोट बस में सवार होकर 70 पीओके नागरिक भारत में बसे रिश्तेदारों से मिलने के लिए पहुंचे। लगातार 22वें हफ्ते भी पाक की तरफ से भारतीय नागरिकों को परमिट जारी न किए जाने के चलते एक भी भारतीय उस पार नहीं जा पाया।
सुबह दस बजे से ही नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में मार्मिक दृश्य बना हुआ था। यहां पर बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक उस पार से आए रिश्तेदारों को पुंछ रावलाकोट बस में बैठाकर विदा करने के लिए एकत्र थे। दोपहर बाद राह ए मिलन के गेट खोले गए तो सर्वप्रथम इस तरफ से 14 पीओके नागरिक भारत में बसे अपने रिश्तेदारों के पास एक महीना बिताकर वतन लौट। इसके अलावा पाक की तरफ से 56 पीओके नागरिक पहली बार भारत में बसे अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए इस पार पहुंचे। दोनों तरफ के लोगों के आरपार होने के बाद देर शाम करीब पांच बजे गेट बंद कर दिए गए।