राजोरी। बेरोजगार युवाओं ने राज्य सरकार व खास कर भाजपा के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सैकड़ों युवाओं ने राजोरी स्थित शहर के मुरादपुर इलाके में हाईवे जाम कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम का पुतला फूंककर अपना रोष प्रकट किया।
प्रदर्शनकारी बेरोजगार युवाओं ने सरकार पर जम्मू संभाग के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए बताया कि हमेशा के जम्मू के हित की बात करने वाली भाजपा ने सत्ता में आते ही अपने सारे वादे भूला दिए हैं। कुछ दिन पहले जम्मू कश्मीर सर्विस सेलेक्शन बोर्ड द्वारा शिक्षकों की नियुक्ति की लिए जारी किए गए विज्ञापन का उदाहरण देते हुए प्रदर्शनकारी युवाओं ने कहा कि इस में जम्मू के साथ भेदभाव सामने सामने किया गया है। कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों के लिए शिक्षकों की जो नियुक्तियां की जानी हैं व जम्मू संभाग के जिलों से कहीं अधिक हैं। जम्मू के साथ भेदभाव खत्म करने के लिए भाजपा कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। वहीं उन्होने रोष प्रकट करते हुए कहा कि सीमावर्ती जिले राजोरी के लिए शिक्षकों की जो पद रखे गए हैं वह खाली पदों से बहुत कम हैं। सरकार राजोरी के साथ इतना भेदभाव कर रही है कि यहां शिक्षकों के खाली पद भी नहीं भरे जा रहे हैं। वहीं प्रदर्शनकारी बेरोजगार युवाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सरकार ने जम्मू के साथ भेदभाव बंद नहीं किया तो युवा सड़कों पर उतर कर उग्र रूप अपनाएंगे।