बसोहली। पशमीना, बेहतरीन चित्रकारी सहित औषधि विज्ञान के लिए मशहूर बसोहली कसबे को गंदगी मुक्त करने की कवायद तेज हो गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार जम्मू से आए विशेषज्ञों की टीम ने शुक्रवार को कसबे का दौरा कर डीपीआर के लिए काम शुरू कर दिया।
कसबे में सालिड लिक्विड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए चल रही इस कवायद में जम्मू से डाक्टर जफर इकबाल पहुंचे। उन्होंने कसबे की गलियों का निरीक्षण करने के साथ ही प्लांट स्थापित करने के लिए चिन्हित की गई भूमि का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि अब तक बसोहली कसबे के गली मोहल्लों से एकत्रित किए जाने वाले कचरे को जहां परगना के नजदीक खुले में फेंका जाता था तो वहीं शहर की गलियों और नालियों से निकलने वाली गंदगी सीधे रंजीत सागर झील में डलती थी। कुछ दिन पहले ही एडीसी बसोहली संजय गुप्ता ने जिला उपायुक्त जम्मू को एक पत्र लिखकर बसोहली में एक्सपर्ट की टीम भेजने के बारे में लिखा था, जिसके बाद शनिवार को टीम बसोहली पहुंची थी।