कठुआ। विश्व शांति और राज्य में अमन के लिए शहर के भगवती नगर इलाके में हवन और यज्ञ का आयोजन किया गया। इस मौके पर कठुआ विधायक राजीव जसरोटिया सहित इलाके के लोगों ने यज्ञ में आहुतियां डालीं।
यज्ञ के दौरान स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य ने मंत्रोचारण किया और प्रवचन भी सुनाए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोग संतों की वाणी तो सुनते हैं, लेकिन उसे अपने हृदय में नहीं उतार पाते। उन्होंने कहा के केवल वेदों को सुनने से ही जीवन में मोक्ष प्राप्त नहीं होेगा। जब तक वेदों द्वारा बताए गए सत मार्ग पर नहीं चला जाएगा तब तक वेदों का ज्ञान अधूरा है। उन्होंने आज के ठगों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गीता, रामायण, महाभारत सहित अन्य उपनिषद और पुराणों का ज्ञान बांटकर लोग पैसे बटोरने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि वेदों का ज्ञान पैसा बटोरने के लिए नहीं है, बल्कि समाज को नई दिशा प्रदान करने के लिए है। आज के दौर में वेदों को पैसा बटोरने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में प्रभु भक्ति से लोग दूर होते जा रहे हैं। प्रवचन के बाद हवन यज्ञ हुआ और मंत्रोचारण के साथ सबने यज्ञ में आहुतियां डाली। विधायक ने कहा कि राज्य में अमन और शांति के लिए सरकार तो प्रयास कर ही रही है संतों द्वारा प्रवचन और यज्ञ भी इसके लिए जरूरी है। इस मौके पर विधायक की पत्नी अरुणा जसरोटिया समेत अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।