अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर।
मजालता तहसील के कैल पलडाई गांव में धार रोड पर चलते हुए ट्रक में अचानक आग लग गई। समय रहते चालक व सह चालक ट्रक को रोक कर नीचे उतर गए और देखते ही देखते ट्रक जलकर पूरी तरह से राख हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात करीब एक बजे दिल्ली से उधमपुर की तरफ आ रहा ट्रक जैसे ही मजालता तहसील के पलडाई इलाके में पहुंचा तो अचानक ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लग गई। चालक को ट्रक चलाते समय कुछ जलने का एहसास हुआ। उसने गाड़ी रोकी और देखा तो पाया कि ट्रक में आग लग चुकी है। तुरंत चालक व सह चालक ट्रक से बाहर निकल आए और फिर देखते ही देखते ट्रक में आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर मजालता पुलिस भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक पूरा ट्रक जल चुका था। चालक व सहचालक को समय रहते आग लगने के बारे में पता चल गया, इसलिए किसी तरह का जान को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन ट्रक में रख गया सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। ट्रक में इतनी भीषण आग लगी थी कि आग बुझने पर भी दोपहर 12 बजे तक ट्रक से धुंआ निकलता रहा।