अमर उजाला ब्यूरो
राजोरी।
जिले के दूरदराज के इलाकों में विशेष शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनने और मौके पर ही लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र वितरित करने से आम जनता को बहुत लाभ पहुंच रहा है।
डीसी राजोरी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी द्वारा विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश के बाद अब तक दो हफ्तों में लगाए गए शिविरों में करीब 5612 लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। रविवार और सोमवार को सुंदरबनी के कांगड़ी इलाके में एसडीएम द्वारा आयोजित विशेष शिविर के दौरान कालाकोट के त्रियाठ गांव में तहसीलदार और विभिन्न अन्य गांवों में नायब तहसीलदारों द्वारा 396 लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र वितरित किए गए हैं। डीसी के अनुसार अब तक लगाए गए शिविरों में 701 अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रमाणपत्र, 915 स्टेट सब्जेक्ट, 310 राजस्व विभाग से संबंधित दस्तावेज, 710 अन्य पिछड़े वर्ग एवं नियंत्रण रेखा के प्रमाणपत्र, 856 राजस्व विभाग से संबंधित नकलें, 426 लोगों का वोटर सूची में समावेश, 260 आय प्रमाणपत्र और 469 लोगों के आधार कार्ड की जांच पड़ताल की जा चुकी है। अब तब लगाए गए शिविरों में 16 हजार के करीब लोग भाग ले चुके हैं और 650 के करीब लोगों की मांगों को पंजीकृत कर संबंधित विभागों को भेजा गया है।
वहीं विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र जारी करने के लिए 3500 नई फाइलों पर काम भी शुरू कर दिया गया है। डीसी के अनुसार लोगों का विशेष शिविरों की ओर रुझान को देखते हुए ऐसे और भी शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस कड़ी में जिले की छह तहसीलों में विशाल शिविर आयोजित करने के लिए तिथि घोषित कर दी गई है। 20 जून को थन्नामंडी में, 29 जून को नौशेरा में, 3 जुलाई को सुंदरबनी में, 11 जुलाई को कोटरंका में ,14 जुलाई को मंजाकोट में और 20 जुलाई को कालाकोट में विशाल शिविर आयोजित कर बढ़े पैमाने पर लोगों को लाभ पहुंचाएंगे।