हीरानगर। चड़वाल सांझी मोड़ लिंक रोड को ठीक कराने की मांग को लेकर लोक सेवा संस्था के कार्यकर्ताओं ने मढ़ीन तहसील कार्यालय तक पद यात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ रोष जताया। चेतावनी दी कि एक माह के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो कठुआ तक पैदल यात्रा निकालकर जिला सचिवालय के समक्ष धरना दिया जाएगा।
संस्था के चेयरमैन रोमी शर्मा की अध्यक्षता में यात्रा शुरू की गई जिसमें स्थानीय दुकानदार, लोग व कई गांवों से आए युवा शामिल हुए। लगभग सात किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले गांवों के लोग भी इसमें शामिल हुए। शर्मा ने कहा कि इस लिंक रोड़ की मरम्मत की मांग पिछले कई वर्षों से लोगों द्वारा की जा रही है। लेकिन संबंधित विभाग ने इस पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। पिछले 12 वर्षों से इस पर कोई काम नहीं हुआ है जिसके परिणामस्वरूप यह सड़क एक खड्ड में तबदील होती जा रही है जहां वाहनों और पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है। लंबे समय से देखरेख का काम न होने के कारण सड़क सिकुड़ गई है। दस मिनट के सफर को पूरा करने में चालीस मिनट लग रहे हैं। आवाजाही कम होने के कारण क्षेत्र के व्यापारी पर असर पड़ा है। कई हादसों व धरने के बावजूद विभाग कोई काम नहीं कर रहा है। तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद इन लोगों ने तहसीलदार जितेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर चौधरी स्वर्ण सिंह, दलबीर सिंह सेठी, अरुण शर्मा, राजेश शर्मा, अमन शर्मा, गौरव भारद्वाज, अक्षय सांगड़ा, दीपक थापा, संजय डींगरा, डिंपल सुंबड़िया, वरुण शर्मा मौजूद रहे।