भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बुधवार शाम पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलाबारी से रातभर सीमावर्ती गांव के लोग दहशत में रहे। पाकिस्तान की तरफ से अचानक की गई गोलाबारी से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी।
दिन का कामकाज समेटने में लगे लोगों को मवेशी खेतों में छोड़कर भागना पड़ा। जिसे जहां शरण मिली, वहीं छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी। बुधवार देर रात तक चली गोलाबारी से हुए नुकसान का पता वीरवार की सुबह चल पाया।
पाकिस्तान की गोलाबारी में कई लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा है। एक मवेशी की मौत हो गई, जबकि कई मवेशी गोली लगने से घायल हुए हैं। पाकिस्तान द्वारा रिहायशी इलाकों में की गई गोलाबारी से सीमा से सटे गांव बोविया में एक भैंस की मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह से घायल हो गई।
करोल माथुरां में अपने घर के आंगन में बैठ कर खाना खा रहे एक परिवार के सदस्यबाल-बाल बच गए। लोगों ने बताया कि पिछली शाम पाकिस्तान ने अचानक सीमा पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं और कुछ ही समय के बाद मोर्टार के गोले दागने शुरू कर दिए।
जो किसान मवेशियों को लेने खेतों में गए थे वो मवेशियों को वहीं छोड़ पेड़ों की आड़ लेकर बैठ गए। लोगों ने जहां शरण मिली वहीं रात गुजारी।