जम्मू कश्मीर में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में होम स्टे के चलन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस कड़ी में जम्मू-कश्मीर सरकार के सहयोग से अग्रणी ट्रैवल टेक प्लेटफॉर्म ओयो होटल्स एंड होमस्टे प्रोजेक्ट क्राउन ऑफ इनक्रेडिबल इंडिया के तहत जम्मू कश्मीर में ग्रामीण आजीविका बनाने के लिए 200 होम स्टे बनाने पर काम कर रहा है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 15 अगस्त से पहले 75 होम स्टे को उद्घाटन के लिए तैयार किया जा रहा है।
ओयो इंडिया के सीईओ अंकित गुप्ता ने मंगलवार को राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर होम स्टे सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। सीईओ ने सोशल मीडिया और मार्केटिंग प्लेटफार्म का उपयोग करके होम स्टे के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ अपनी संपत्ति के संचालन में अतिथि अनुभव और दक्षता के अवसरों को बढ़ाकर जम्मू कश्मीर में होमस्टे मालिकों को प्रशिक्षित करने के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।
उपराज्यपाल ने समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का अनुभव करने के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास और अन्य सुविधाएं विकसित करने में ओयो समूह के प्रयासों की सराहना की। प्रासंगिक रूप से मिशन यूथ के तहत प्रदेश सरकार ने 5,000 युवाओं को 50 हजार रुपये के प्रोत्साहन के माध्यम से होमस्टे स्थापित करने को वित्तीय सहायता प्रदान करने का फैसला लिया था। होमस्टे के आने से ग्रामीण पर्यटन के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।