उधमपुर/रामनगर। पैंथर्स पार्टी के राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया ने रामनगर के कीडमू गांव के रमेश कुमार व उसके बेटे अजीत कुमार की पंजाब में निर्मम हत्या की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। मनकोटिया ने उनके परिवार के घर पहुंच कर परिवार के सदस्यों की पूरी बात सुनी और सरकार से सामने जांच की मांग रखी है।
गौरतलब है कि पंजाब में चौबीस नवंबर को कीडूम में रहने वाले बाप-बेटे की हत्या कर दी गई थी। उनके हत्यारों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। परिवार वालों ने अफसोस जताते हुए कहा कि दोनों की हत्या किसी साजिश के तहत की गई है। इस हत्या के पीछे किसी बड़े गैंग का हाथ होने की संभावना है। इसलिए इस मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाए, ताकि परिवार इंसाफ मिल सके। मनकोटिया ने कहा कि जिस तरह से हत्या के बाद ट्रक के टायर व चेचिस ही मिली है व बाकी हिस्से अलग अलग कर गायब कर दिए गए थे। साफ जाहिर सी बात है कि इस ट्रक में चालक व सहचालक की जानकारी के बिना तस्करी की जा रही थी। जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली होगी तो उनकी हत्या कर दी गई। मनकोटिया ने सरकार से परिवार वालों को दस दस लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। घर में कमाने वाले बाप बेटा ही थे। उन्होंने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी सरकार की तरफ से कोई भी नेता या अधिकारी इस परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचा। इस मौके पर पवन सिंह, सुदेश शर्मा, रमेश, सुखदेव सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।