उधमपुर/पंचैरी। वर्षों से बदहाल पड़े पुलिस स्टेशन पंचैरी की जल्द ही 60 लाख रुपये से हालत सुधरेगी। पुलिस विभाग ने इसके कायाकल्प का काम शुरू कर दिया है। इसमें अब तैनात पुलिस कर्मियों को रहने के लिए भी कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएगी।
करीब 40 वर्ष से पंचैरी थाना बदहाल इमारत में चल रहा है। वर्तमान में इमारत पहले से भी ज्यादा बदहाल हो गई है। इस कारण पुलिस विभाग ने थाने की स्थिति सुधार को करीब 60 लाख रुपये जारी किए। बर्फबारी को देखते हुए इमारत पर पक्की छत के बजाय टीन डाली गई है। छत की पूरी टीन को बदला जा रहा है। इससे पूर्व 34 वर्ष पहले 1984 में टीन डाली गई थी जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। अब थाने में एक गेस्ट रूम भी तैयार किया जाएगा, जिसमें पुलिस अधिकारियों के ठहरने की पूरी व्यवस्था होगी। पुलिस स्टेशन में तैनात कर्मियों का हॉल भी पूरी तरह से खराब हो चुका है। इसकी हालत भी सुधारी जाएगी। इसके अलावा पुलिस स्टेशन के गेट का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए छोटी सी इमारत बनाई जाएगी, जो अंदर से बाहर सब कुछ देख कर पुलिस कर्मी निगहबानी कर सकते हैं। पुलिस स्टेशन की इमारत के सभी खिड़की और दरवाजे बदल कर नए सिरे से बनाए जाएंगे। पुलिस स्टेशन की हालत सुधारने का काम शुरू होने पर पुलिस कर्मियों ने भी राहत की सांस ली है।
एक पुलिस स्टेशन पर निर्भर दो तहसीलें
पंचैरी थाने पर दो तहसीलें निर्भर हैं। मोंगरी व पंचैरी दो अलग-अलग तहसीलें हैं, लेकिन इनके लिए थाने केवल एक है। इसलिए पुलिस स्टेशन पर काम का बहुत ज्यादा भार है। कई बार आपराधिक मामला सामने आने वाले पुलिस कर्मियों को मोंगरी तहसील के दूरदराज पहाड़ी इलाकों में जाना पड़ता है। इसी कारण काफी संख्या में पुलिस कर्मियों को पुलिस स्टेशन में तैनात किया गया है।