सांबा//विजयपुर/आएस पुरा/रामगढ़। सर्दी सीजन की पहली बारिश ने भले ही ठंड बढ़ा दी हो, लेकिन किसानों को बड़ी राहत दी है। सबसे अधिक फायदा कंडी क्षेत्र के किसानों को हुआ है।
कंडी क्षेत्र के किसान जगदीश, कर्ण ने बताया कि बारिश नहीं होने से उन्होंने गेहूं की बुआई ही नहीं की थी। मैदानी क्षेत्र के किसान पूर्ण सिंह, बाबूराम का कहना है कि क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी का इंतजाम नहीं हैं। बारिश ने उनकी चिंता कम कर दी है। यही नहीं, बारिश होने से बीमारियों से भी निजात मिलेगी। सूखी खांसी और जुकाम दूर होगा। बारिश होने से गर्म कपड़ों की बिक्री भी बढ़ गई है। टोनी, रंजू का कहना है कि बारिश होने से गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। रामगढ़ के किसान भी खुश हैं कि लंबे समय से उम्मीद लगाने के बाद अब बारिश हुई है।
आरएस पुरा क्षेत्र के किसान भी खुश हैं। किसान सोमराज, कृष्ण लाल, प्रकाश चौधरी, सुखवीर सिंह का कहना है कि यहां पानी का साधन नहीं होने उन्हें चिंता थी। रमेश लाल, जयपाल, ओमकार सिंह का कहना है कि इन दिनो पड़ रही शुष्क सर्दी से बच्चे व बुजुर्ग बीमार हो रहे थे। अब सूखी सर्दी से छुटकारा मिलेगा। बारिश होने से मौसम अच्छा हो गया है।