अमर उजाला ब्यूरो
राजोरी। जिले के विभिन्न रूटों पर ओवरलोडिंग करने व अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शुरू की गई विशेष मुहिम के तहत जिला पुलिस ने ओवरलोडिंग करने वाले 11 वाहन चालकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की। नौ वाहनों को जब्त कर 59 वाहनों के चालान काटे हैं।
एससपी राजोरी युगल मन्हास के अनुसार बुद्धल, कोटरंका, थन्नामंडी, दरहाल, नौशेरा, मंजाकोट पुलिस थानों की विशेष टीमों ने अपने अपने इलाकों में ओवरलोडिंग की जांच के दौरान पाया कि कई वाहन चालक ओवरलोडिंग कर रहे हैं। बल्कि बढे़ ही खतरनाक तरीके से ड्राइविंग कर रहे हैं। कई वाहन चालकों के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस थे और न ही वाहनों के पूरे दस्तावेज। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओवरलोडिंग करने वाले नौ वाहन जब्त कर लिए। पुलिस की टीमों ने अलग अलग इलाकों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 59 वाहनों के चालान भी काटे हैं। विभिन्न रूटों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ छेड़ी गई पुलिस की विशेष मुहिम के तहत अब तक दस दिन में पुलिस ने करीब तीन दर्जन वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। जबकि चार दर्जन के करीब वाहन जब्त किए। करीब छह सौ वाहनों के चालान काटे हैं।