उधमपुर। शहर के पिटनबड़ इलाके में सोमवार शाम को अचानक कार में आग लग गई। जानकारी मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कार को गैस सिलेंडर से चलाया जा रहा था। सिलेंडर के कारण ही कार में आग लगी थी। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम करीब चार बजे पिटनबड़ इलाके में एक व्यक्ति अपनी कार में सामान डलवाने का काम करवा रहा था। काम के दौरान अचानक ही कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग भड़क भी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी साथ ही पुलिस को भी सूचित कर दिया। जानकारी के मिलने पर दमकल विभाग वाहन लेकर मौके पर पहुंच गया और आग को बुझाने का काम शुरू कर दिया। इसी बीच लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और इसी कारण देखते ही देखते राजमार्ग पर भी दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग बुझने के बाद पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कार को गैस के सिलेंडर के साथ चलाया जा रहा था और पुलिस ने उसी समय कार को अपने कब्जे में लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि आग लगने के बाद कार का मालिक मौके से फरार हो गया है और पुलिस मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दमकल विभाग का कहना है कि अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे।