अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। खराब मौसम ने एक बार फिर से जिले के बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचाया है। पंचैरी, रामनगर, चिनैनी व अन्य कई इलाकों में शुक्रवार को घंटों बिजली गुल रही। अस्थायी रूप से मरम्मत करने के बाद शाम के समय कई इलाकों में बिजली सेवा बहाल हो सकी।
हर बार खराब मौसम की सबसे ज्यादा मार बिजली विभाग पर पड़ रही है। पिछले दिनों जब तूफान आया था तो बिजली विभाग के 900 से ज्यादा खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसमें बिजली विभाग को करीब चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। पहले के नुकसान की अभी तक भरपाई हुई नहीं थी कि वीरवार देर रात की तेज बारिश ने फिर से बिजली विभाग के ढांचे को नुकसान पहुंचाया है। कई बिजली के पोल टेढ़े हो गए हैं। इसके अलावा 33 केवी की लाइन को भी नुकसान पहुंचा है। रात को बारिश के दौरान ही उधमपुर शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली गुल हो गई थी। इसके अलावा रामनगर, चिनैनी व पंचैरी के कई इलाकों में भी रात को ही बिजली बंद हो गई थी। सुबह लोगों को बिजली की सप्लाई न मिलने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं सुबह के समय बिजली विभाग ने अपनी मरम्मत का काम शुरू कर दिया। उधमपुर के शहरी इलाकों में दोपहर करीब 12 बजे मरम्मत का कार्य पूरा करके बिजली को बहाल कर दिया गया, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली के लिए शाम तक इंतजार करना पड़ा।