अपनी मांगों को लेकर सरकार को तीन दिन की हड़ताल का अल्टीमेटम देकर धरना-प्रदर्शन कर रहे एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल अब आगे भी जारी रहेगी। शुक्रवार को हड़ताल के तीसरे दिन भी एनएचएम कर्मचारियों ने धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर सरकार को जल्द गंभीर प्रयास करने की चेतावनी दी।
धरना-प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है और बार-बार उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रही है। यदि ऐसा ही रहा तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने केवल समान काम और समान वेतन की मांग की है, लेकिन सरकार को उनकी मांगों को कोई महत्व नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि वह स्थायी कर्मचारियों की भांति पूरा काम कर सकते हैं, तो उन्हें वेतन भी उसी प्रकार मिलना चाहिए, लेकिन सरकार उनकी मांग को बार-बार टाल रही है। एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि जिले के और राज्य के तमाम स्वास्थ्य संस्थानों को उन्होंने अपने काम की वजह से ही बनाए रखा है, लेकिन सरकार उन्हें वेतन तक नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि बिना वेतन मंत्री काम कर दिखाएं। अपने वेतन के लिए विधानसभा में एकमत में बिल पारित करते हैं, लेकिन कर्मचारियों के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन दिन के भीतर कोई सकारात्मक पहल नहीं की है, इसलिए हड़ताल जारी रहेगी।