चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर चिनैनी से उधमपुर के बीच जाम की समस्या से राहत नहीं मिल पा रही है। लगातार तीसरे दिन भी आम यात्री जाम के कारण परेशान हुए। उन्हें भी सोमवार को चिनैनी से उधमपुर का सफर करने में तीन घंटे से अधिक का समय लग गया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को भी पूरा दिन हाईवे जाम की समस्या से जूझता रहा। रविवार की शाम को भी हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसमें फंसे वाहन देर रात को अपनी मंजिल तक पहुंच पाए। रविवार शाम को जाम में फंसे वाहनों को एक घंटे के सफर में नौ घंटे लग गए।
रविवार शाम को जो वाहन उधमपुर से छह बजे चले थे, वे देर रात करीब तीन बजे पहुंच पाए। इस दौरान यात्रियों को भूखे पेट रहना पड़ा। प्यास के कारण भी बेहाल रहे। जबकि ठंड के इस मौसम में उन्हें कई दिक्कतों से भी गुजरना पड़ा।
वहीं सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी हाईवे पर जाम लगा रहा। उधमपुर से चिनैनी का सफर करने में तीन घंटे लगे। यात्रियों ने कहा कि स्थिति को संभालने के लिए यातायात विभाग को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि हाईवे पर कोई वाहन खराब हो जाए तो उसे तुरंत हटाया जाना चाहिए ताकि जाम की समस्या पैदा न हो।