उधमपुर। पावर ग्रिड स्टेशन जखैनी के कर्मचारियों का रोका गया वेतन जारी करने की मांग को लेकर बुधवार को आल जेएंडके लाइनमैन एंड वर्कर्स यूनियन ने एकजुट होकर सरकार व पीडीडी के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूनियन के सदस्यों ने कहा कि जब तक कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं होता है सभी लाइनमैन समर्थन करते रहेंगे।
दोपहर के समय प्रदर्शन के दौरान यूनियन के सदस्यों ने बताया कि दो महीने से भी अधिक समय से पावर ग्रिड स्टेशन के कर्मचारियों का वेतन रोका गया है और कर्मचारियों को हर रोज आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। कोर्ट के आदेश के बाद एकाउंट एक्सईएन का सीज किया गया है और इसका खामियाजा 300 के करीब कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से पावर ग्रिड स्टेशन के कर्मचारी वेतन के लिए कड़ा संघर्ष कर रहे हैं। कई बार शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने के बाद भी वेतन जारी नहीं किया है। उनकी यूनियन पावर ग्रिड स्टेशन के कर्मचारियों को पूरा समर्थन करती है और अगर जरूरत पड़ी तो काम छोड़ों हड़ताल में भी पूरा सहयोग किया जाएगा। उनकी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द वेतन जारी करके परेशानी को दूर करे।