ट्रक ने कार को मारी टक्कर, तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की शाम हुए सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित कुल तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल कठुआ लाया गया, जहां उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जम्मू से पठानकोट की ओर आ रही कार जेके02एच-4020 में सवार सुरजीत कौर पत्नी कुलवीर सिंह ग्रेटर कैलाश जम्मू, अमरजीत कौर निवासी विजय पुर और कुलवीर सिंह को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से कार डिवाइडर के साथ टकरा गई। इस कारण उसमें सवार तीनों लोगों को चोटों आईं। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
सर्पदंश से महिला की मौत
बसोहली। बसोहली कसबे के निकटवर्ती गांव मदराखी मे सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि उषा देवी पत्नी दीप सिंह निवासी मदराखी को उपजिला चिकित्सालय बसोहली लाया गया, जहां कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया। ब्यूरो