राजोरी। गुज्जर मंडी क्षेत्र में एक तरफा ट्रैफिक करने के प्रशासन के आदेश का पालन होते ही आटो चालक और कालेज के छात्र प्रदर्शन पर उतर आए। वीरवार को शहर के विभिन्न इलाकों से जिला अस्पताल व अन्य स्थानों पर जाने वाले आटो चालकों व सरकारी पीजी कॉलेज के छात्रों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की।
गुस्साए छात्रों व आटो चालकों ने कड़ा रोष प्रकट करते हुए बताया कि जिला प्रशासन ने जिला अस्पताल, पीजी कालेज, थन्नामंडी, दरहाल सहित अन्य दर्जनोें स्थानों से गुज्जर मंडी जाने वाले सभी वाहनों व बाइकों के लिए खच्चर ग्राउंड से रास्ता बंद कर दिया है। प्रशासन के आदेश के बाद अब सभी वाहनों व बाइकों को डन्नीधार रूट से होकर सीमा क्रासिंग से होते हुए गुज्जर मंडी जाना पड़ रहा है। मात्र कुछ मीटर की यात्रा को प्रशासन ने कम से कम तीन किलोमीटर में बदल दिया है। बढ़े यात्री वाहनों व सामान से लदे ट्रकों के कारण गुज्जर मंडी में जाम की स्थिति बनती थी। लेकिन प्रशासन ने छोटे निजी वाहनों आटों व बाइकों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इससे सरकारी कालेज में पढ़ाई करने जाने वाले छात्र छात्राओं के अलावा जिला अस्पताल से आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उधर, सीमा क्रासिंग से डन्नीधार रूट से जिला अस्पताल जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। जिससे मरीजों के अलावा डन्नीधार व बीजीएसबी विवि आने जाने वाले छात्रों छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही आटो निजी वाहनों व बाइकों को अनुमति नहीं दी तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।