कठुआ। सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी की उड़ान फुटबाल कप-2017 के दूसरे चरण के दूसरे दिन जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो मुकाबले खेले गए। गत दिवस के मैच की विजेता हीरानगर की टीम ने अपना दूसरा मुकाबला भी जीता और वहीं डीपीएस ने पूर्व ही हार से उभरते हुए पहली जीत दर्ज की। जवाहर नवोदय विद्यालय को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। दूसरे दिन कमांडेंट अजय कुमार और सहायक कमांडेंट रितेश कुमार भी दूसरे दिन उपस्थित रहे।
द्वितीय चरण के दूसरे दिन पहला मुकाबला हीरानगर फुटबाल क्लब टीम-ए और पल्लन परनाला फुटबाल क्लब बिलावर के बीच खेला गया। पहले हाफ से ही हीरानगर की टीम ने बिलावर की टीम पर हमला बोल दिया। एक के बाद एक हीरानगर के खिलाड़ियों ने पहले हाफ में सात गोल कर दिए। जबकि बिलावर की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। दूसरे हाफ में स्थिति बदलने की उम्मीद के साथ उतरी बिलावर की टीम को हीरानगर की टीम ने एक बार फिर हमले बोल दिए। दूसरे हाफ में पहले हाफ से अधिक गोल करते हुए टीम ने आठ गोल किए और स्कोर लाइन 15-0 के साथ मैच अपने नाम किया। दूसरे मैच में गत दिवस की हारी हूई टीमें दिल्ली पब्लिक स्कूल राजबाग और जवाहर नवोदय विद्यालय बसोहली के बीच मुकाबले में बने रहने के लिए अहम मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में उतरने से पूर्व दोनों टीमें अपना अपना पहला मुकाबला हार चुकी थीं। इसलिए टीम को मैच जीतना जरूरी था। अपने दूसरे मैच में डीपीएस की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बसोहली की टीम को 7-0 से हरा दिया। आज दो मुकाबले खेले जाएंगे जिसमें पहला मुकाबला पल्लन परनाला फुटबाल क्लब बिलावर और आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोट के बीच तथा दूसरा मुकाबला हीरानगर फुटबाल क्लब टीम-ए का मुकाबला जवाहर नवोदय विद्यालय बसोहली के बीच होगा।