कठुआ/हीरानगर। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला के पीओके पर दिए गए बयान पर पीएमओ मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने अंग्रेजी के शब्दों का प्रयोग करते हुए सैड केस आफ ट्रैजिक आइसोलेशन बताया। उन्होंने कहा कि दुखद अलगाव का यह दुखद मामला है, जिसमें फारूक न सिर्फ खुद को बल्कि अपने राजनीतिक दल को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारी दिल से कहना पड़ रहा है कि उन्हें समझाने वाला भी कोई नहीं है। इससे फारूक खुद को अप्रासंगिक करते जा रहे हैं। डा. जितेंद्र ने कहा कि उनके बयान से जम्मू में उत्तेजना बढ़ी है। वकील और समाजसेवी उठ खड़े हुए हैं। यहां तक कि कश्मीर ने भी उनकी बात को नकार दिया है।
जितेंद्र ने कहा कि हालत यह है कि इस्लामाबाद ने भी उनकी टिप्पणी का स्वागत नहीं किया। ऐसे में समझ नहीं आता कि आखिर फारूक यह बात किसको सुनाना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि डा. फारूक अब्दुल्ला ने लगातार दो बार पीओके के पाकिस्तान का हिस्सा बताकर चैलेंज में कहा कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं वो बंदूक के दम पर इसे हासिल करके बताएं।