उधमपुर। जन संघर्ष संस्था के प्रधान एडवोकेट संजीत बवोरिया के नेतृत्व में सरसू के लोग शुक्रवार साढ़े ग्यारह बजे के करीब डीसी कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। यहां सभी ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि आठ साल बीत जाने के बाद भी बरमीन से सरसू सड़क नहीं बन सकी है, जिसके कारण परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
गांव वासियों का कहना था कि बरमीन से सरसू सड़क का काम पीएमजीएसवाई विभाग ने 2010 में शुरू किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ है। इसके आगे का तीन सौ मीटर हिस्सा पूरी तरह से बेकार पड़ा हुआ है। जिसके चलते लोगों में विभाग के प्रति काफी रोष व्याप्त हो गया है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि विभाग ने सड़क बनाने के लिए उनसे जमीनें ली थी। जिसका आज तक भुगतान नहीं किया गया है। खेतीबाड़ी की जमीनें भी गई और सड़क भी नहीं मिल सकी है। जब भी विभाग के पास इस समस्या को लेकर जाते हैं तो वह उनकी बात को अनसुना कर देते हैं। बवोरिया ने बताया निर्माण कार्य आरंभ होने के बाद लोगों को आज तक सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी है और इसी कारण लोगों को प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि पीएमजीएसवाई लक्ष्य गांव गांव तक सड़क को पहुंचाना है। लेकिन पीएमजीएसवाई ने ज्यादातर निर्माण कार्य अधर में छोड़ दिए हैं और इससे अंदाजा लग जाता है कि पीएमजीएसवाई जिले में पूरी तरह से विफल साबित हुआ है। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने अपनी समस्या को डीसी के समक्ष रखा। इस मौके पर संदूर सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी उपस्थित थे।