राजोरी। दूरदराज के इलाकों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को जिले के पीड़ी इलाके में एक सामुदायिक केंद्र और 50 के फूट ब्रिजों का उद्घाटन किया। फूड सप्लाई मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली व ग्रामीण विकास मंत्री अब्दुल हक्क खान ने पीड़ी क्षेत्र में करीब 10.20 करोड़ की परिसंपत्तियों का शुभारंभ किया।
शुक्रवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि पीड़ी क्षेत्र में 50 लाख की लागत से बनाए गए कम्यूनिटी हाल से जनता व सरकारी विभागों को लाभ मिलेगा। इसे लोग शादी विवाह, अन्य सामाजिक कार्यों तथा सरकारी कर्मचारी इसे अपने आयोजनों के लिए इस्तेमाल कर सकेंगे। इस अवसर पर पीड़ी इलाके में विभिन्न गांवों को आपस में जोड़ने के मकसद से मंत्रियों ने करीब 50 फूट ब्रिजों व अन्य कल्वर्टों का उद्घाटन भी किया। वहीं इस अवसर पर आयोजित जनता दरबार में लोगों ने मंत्रियों के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए कुछ स्कूलों का दर्जा बढ़ाने के साथ चारदीवारी करने, पीड़ी में सरकारी डिग्री कालेज खोलने तथा सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस प्रदान करने की मांग की। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने पीड़ी में जल्द सीडी ब्लाक खोलने की घोषणा करते हुए वीडीओ कोटरंका को निर्देश दिए कि वह सप्ताह में तीन दिन यहां तैनात रहें।