जम्मू।
खस्ताहाल पार्क और बदहाली में रहने को मजबूर कश्मीरी पंडितों के लिए नगरोटा स्थित जगती कैंप में समस्याओं का अंबार लग चुका है। संबंधित विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते खस्ताहाल पार्क अराजकतत्वों का अड्डा बन चुके हैं। इन पार्कों में रात के वक्त कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग नशाखोरी को अंजाम देते हैं।
स्थानीय लोगों को कहना है कि संबंधित विभाग इन पार्कों की मरम्मत नहीं करवाता है। जिस वजह से यह अब बच्चों के खेलने लायक नहीं बचा है। पार्कों के सामने कूड़ों के ढेर से उठती गंध की वजह से सुबह स्थानीय लोग टहलने भी नहीं जाते हैं। पिछले सात वर्ष से जगती में क्वार्टरों के अलाट होने के बाद एक बार भी उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। पार्कों की बदहाल स्थिति यह है कि पार्कों में आवारा पशु टहलते हैं। पार्क में गंदगी फैलाते हैं। बीते दिनों केंद्रीय वार्ताकार दिनेश्वर शर्मा के आने पर उन्हेें जिस कम्यूनिटी हाल में वार्ता रखी गई थी, उसका पुनर्निर्माण किया गया था। हालांकि, अन्य क्वार्टरों की स्थिति बदतर हुई है। लोगों का कहना है कि वर्ष 2014 में भाजपा के सरकार में आने के बाद उन्हें लगा था कि स्थिति में सुधार होगा, लेकिन उनकी समस्याएं दिन प्रतिदिन गहरी होती जा रही हैं, लेकिन उनका कोई भी समाधान नहीं निकल रहा है।