अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। मजालता में गंभीर नाले से सोमवार सुबह संदिग्ध हालत मेें दो युवकों के शव बरामद हुए। शवों की स्थिति देखकर लग रहा था कि दोनों की मौत नाले में डूबने से हुई हो। हालांकि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। जानकारी के मुताबिक विक्की कुमार निवासी पलेत्र और राकेश कुमार निवासी मानसर शाम को दोनों घर से बाहर निकले थे। कुछ लोगों ने दोनों को मजालता के गंभीर नाले की तरफ जाते हुए देखा था। रात तक दोनों घर नहीं लौटे, तो परिवार के सदस्यों ने पुलिस स्टेशन मजालता में इसकी सूचना दी। रात होने के कारण दोनों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह पुलिस ने गंभीर नाले पर सर्च आपरेशन शुरू किया। इस दौरान करीब दस बजे दोनों के शव नाले से तैरते हुए बरामद हुए। दोनों युवकों के चेहरों पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं और दोनों के शव पूरी तरह से अकड़ चुके थे। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान कर चल रही है। शवों को निकालने के बाद पीएचसी मजालता पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों युवक रिश्तेदार बताए गए।
एसएचओ मजालता सज्जाद हैदर ने बताया कि दोनों की मौत के कारणों के बारे में अभी कुछ नहीं बताया जा सकता है। हो सकता है कि एक युवक डूब रहा हो और दूसरा उसको बचाने के प्रयास में डूब गया है। इसकी सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दी जा सकती है।