जोधपुर जिले के तिवंरी गांव में मानवता को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने कर्ज लेने वाले व्यक्ति को एंबुलेंस से बांधकर जमकर पिटाई की। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पिटाई करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, तिंवरी निवासी 50 वर्षीय अमृतलाल छाजेड़ और रफीक के बीच में कुछ हिसाब-किताब को लेकर विवाद चल रहा था। रफीक का आरोप है कि करीब 50 हजार रुपए पिछले लंबे समय से वह अमृतलाल से मांग रहा है, लेकिन वह रुपए देने में आनाकानी कर रहा था।
इससे गुस्साए रफीक ने एंबुलेंस से जा रहे अमृतलाल को रुकवाया और उसे अस्पताल के सामने ही पिटाई कर एंबुलेंस से बांध दिया। इसके बाद फिर से रफीक ने अमृतलाल की बेरहमी से पिटाई की।
काफी देर बाद भी जब रफीक को अमृतलाल पर तरस नहीं आया, तो वहां मौजूद लोगों ने अमृतलाल को छुडवाया। लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को भी दिखाया, तब जाकर अमृतलाल के बयान के बाद पुलिस ने रफीक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।