राजस्थान की राजधानी जयपुर की एक पंचायत समिति की विकास अधिकारी ने व्हाट्स एप ग्रुप छोड़ने पर अपने ग्राम सेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि बताएं कि क्यों नहीं आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाए, जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार हैं।
जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति की विकास अधिकारी (बीडीओ) रिंकू मीणा ने ये अजीबोगरीब कारण बताओ नोटिस हाल ही अपने सात ग्राम सेवकों के लिए जारी किया है। रिंकू मीणा ने कारण बताओ नोटिस में संबंधित ग्रुप को सरकारी व्हाट्स एप ग्रुप बताया है। नोटिस में कहा गया है कि यह देखने में आया है कि आप (ग्राम सेवक) संबंधित ग्रुप से बिना कारण बताए रिमूव हो गए हैं। रिंकू मीणा ने दांतली, नृसिंहपुर, श्रीराम की नांग, दादिया, मदाउ, खेड़ी गोकुलपुरा और गोनेर के ग्राम सेवकों को सामूहिक तौर पर कारण बताओं नोटिस जारी किया है।
ये नोटिस चर्चा का विषय बन गया है और तेजी से वायरल हो रहा है। रिंकू मीणा ने इन्हें इस नोटिस के जरिए ग्रुप को बिना कारण छोड़ने का भी स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही इन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। भविष्य में ग्रुप में बने रहने की भी हिदायत दी गई है।
नोटिस में कहा गया है कि संबंधित ग्रुप राजकीय कार्यों को नियमित और तीव्र गति व समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने की दृष्टि से संचालित है। नोटिस में ग्राम सेवकों को ग्रुप में बने रहना सुनिश्चित करने को कहा गया है।