देश के 14वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए देश की विधानसभाओं व संसद में मतदान सुबह दस बजे से प्रारंभ हो गया। राजस्थान में पहला वोट मंंत्री श्रीचंद कृपलानी ने डाला। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी समेत 195 विधायक वोट डाल चुके हैं।
राजस्थान की विधानसभा में कुल 199 सदस्य मतदान करेंगे। इसके लिए भी सभी तैयारियां रविवार को ही पूरी कर ली गई थीं। गौरतलब है कि एनडीए ने राष्ट्रपति पद के लिए रामनाथ कोविंद को उम्मीदवार बनाया है। जबकि यूपीए की उम्मीदवार मीरा कुमार है।
मतदान को सुरक्षित व गोपनीय बनाने के लिए इस बार चुनाव आयोग ने कड़े कदम उठाए हैं। मतदाता मतदान परिसर में केवल पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश कर सकेगा।
इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में आयोग की ओर से विशेष पैन भी दिए गए हैं। इसी पैन का उपयोग मतदान के दौरान किया जा सकेगा। वहीं मतदान के बाद मतपेटी को सुरक्षा इंतजाम के बीच एयरपोर्ट ले जाया जाएगा।
वहां से मतपेटी दिल्ली के लिए रवाना होगी। यही नहीं मतपेटी के लिए अलग से टिकिट बुक कराई गई है। जानकारी के अनुसार टिकिट मिस्टर बॉक्स के नाम से बुक की गई है।