अलवर में पुलिस की कार्रवाई पर एक बार फिर से सवाल खड़े हो रहे है। ग्रामीणों ने आज यहां एसपी निवास के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस पर संगीन आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार अलवर के एमआईए थाना अंतर्गत 20 जुलाई को पुलिस द्वारा की गई शराब की भट्टियों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था जिनमें जमशेद नामक एक युवक भी शामिल था।
आज परिजनों ने एसपी निवास के बाहर धरना देते हुए कहा कि एमआईए पुलिस थानाधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त है और जमशेद का इस मामले से कोई तालुकात नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एमआईए थाना पुलिस के कुछ दलाल उनसे जमशेद को छुड़ाने के लिए 65,000 से लेकर 1 लाख रुपए तक की मांग कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने एमआईए थानाधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एसपी निवास पर धरना देना शुरू ही किया था कि सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें वहां से हटा दिया।
विज्ञापन
परिजनों का कहना है कि यदि बेकसूर जमशेद को समय पर नहीं छोड़ा गया तो उनके द्वारा उच्च अधिकारियों को इस मामले की शिकायत की जाएगी और धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।