अजमेर सेंट्रल जेल के सामने मंगलवार को कैदियों के परिजनों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जेल प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। कुछ कैदियों के परिजनों ने तो यहां तक कह डाला कि जेल में कैदियों के साथ जेलकर्मी जबरन आकृतिक सैक्स भी करते है।
अजमेर सेंट्रल जेल प्रशासन पर काफी समय से सुविधा शुल्क लेने के आरोप लग रहे हैं। मंगलवार को जेल में बंद कैदियों के परिजन बड़ी संख्या में जेल के बाहर पहुंचे और जबरदस्त प्रदर्शन किया। मारपीट के मामले में तीन माह से जेल में बंद करण उर्फ बाबू की मां दुर्गा देवी ने कहा कि जेल प्रशासन ने सुविधा शुल्क नहीं देने पर उसके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसकी जानकारी उसने पूर्व में हुई मुलाकात में दी। उन्होंने जेल प्रबंधन को इसकी शिकायत की तो उसके बाद से उन्हें मिलने तक नहीं दिया जा रहा।
अंजली चांवरिया ने कहा कि उसके पति भी जेल में बंद है। उसके पति को काल कोठरी में डाल दिया गया है। इससे बाहर निकालने के लिए पचास हजार रूपए की मांग की जा रही है। वहीं किरण शेखावत ने कहा कि उसके पति सूरज भी जेल में विचाराधीन है। जेल अधीक्षक के कहने पर उसके साथ मारपीट की गई और सुविधा शुल्क के लिए कहा गया। कुछ ने तो जेल में कैदियों के साथ अप्राकृतिक सैक्स करने का भी आरोप लगाया।
बाद में कैदियों के परिजनों ने जिला कलक्टर गौरव गोयल से मुलाकात की ओर जेल प्रशासन की शिकायत की। कलक्टर गोयल ने जांच करवाने का आश्वासन दिया। वहीं इस पूरे मामले में जब जेल अधीक्षक संजय यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जेल में की गई सख्ती कैदियों को रास नहीं आ रही है इसके चलते उनकेे परिजन आरोप लगा रहे हैं।