एक ही परिवार के चार लोगों द्वारा सामुहिक आत्महत्या मामले में पुलिस को घर की तलाशी में एक और सुराग मिला है। पुलिस को मिले साक्ष्य के अनुसार बेटी के प्रेमी के साथ घर से चले जाने के कारण परिवार इतना तंग आ गया था कि उसने पहले फंदा लगाने का प्रयास किया। लेकिन बाद में सभी ने कीटनाशक पी लिया और सभी की मौत हो गई।
उदयपुर की ज्योति कॉलोनी में रहने वाले स्कूल प्राचार्य विनोद शर्मा और उनके परिवार को लगा सदमा इतना गहरा था कि अपने निर्णय को अंजाम देने के लिए कीटनाशक भी पहले से लाकर रखे हुए थे। लोगों का कहना था कि पुलिस मौके से जो साक्ष्य ले गई, उसमें जहर की शीशी व अन्य जहर भी है।
बताया जा रहा है कि दोनों के जहरीली वस्तु पीने के बाद बच्चों को भी पिला दिया। लेकिन छोटे बच्चे के जहर से बेसुध होने से पहले उसके किसी रिश्तेदार से बात हो गई थी। इस पर वह तत्काल मौके पर आया और सारा मामला पूरे मोहल्ले वालों को पता चल गया।
वहां विनोद और उसकी पत्नी सहित चारों के मुंह से झाग निकल रहे थे, उल्टियां हो रही थीं। इस पर उनके रिश्तेदार ने तत्काल अस्पताल के लिए रवाना किया। बाद में उनकी कुछ ही समय बाद एक एक कर मौत हो गई। देर रात परिवार के मुखिया विनोद ने भी दम तोड़ दिया।