अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित जालोर के पहाड़ पर काम कर रहे दो श्रमिकों की आज पत्थरों के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश निवासी चंद्रशील और नेपाल निवासी संजू थापा अलवर के जालोर के पहाड़ में पत्थर के तोड़ने का काम करते थे। आज ब्लास्टिंग के दौरान एक पत्थर पहाड़ से नीचे आ गिरा, जिसने नीचे काम कर रहे दोनों श्रमिकों को अपनी चपेट में ले लिया।
इससे गंभीर घायल हुए दोनों श्रमिकों को साइट प्रभारी ने सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों श्रमिकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।
परिजनों के आने के बाद ही दोनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गौरतलब है कि यहां जालोर के पहाड़ इलाके में अवैध खनन का बड़ा माफिया है।