प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद सरकार स्थितियां काबू में होने के केवल दावे कर रही है। लेकसिटी उदयपुर में स्वाइन फ्लू का कहर भी बदस्तूर जारी है। यहां स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से गर्भवती महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
उदयपुर संभाग में अब तक 15 लोग मौत के मुंह में जा चुके हैं। वहीं लगातार पॉजीटिव मरीजों की संख्या में वृद्धि होने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। जिन 15 लोगों की मौत अब तक स्वाइन फ्लू की वजह से हुई है उसमें से उदयपुर संभाग व पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के कुछ लोग शामिल हैं।
महाराणा भूपाल चिकित्सालय में राजसमंद के आमेट निवासी महिला और दूसरी मध्यप्रदेश के नीमच की रहने वाली 24 वर्षीय गर्भवती महिला की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ विभाग की ओर से लगातार दावा किया जा रहा है कि उनकी ओर से स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं मौत के लगातार बढ़ते आंकड़ों से लगता है कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने में नाकाम साबित हुआ है।