ट्रेनों में यात्रियों को मिलनेवाला खाना कैसे पकाया जाता है, इसकी पोल अमृतसर से मुंबई जाने वाली स्वर्णमंदिर मेल पर पड़े छापे ने खोल दी है। पेंट्रीकार में जगह जगह गंदगी फैली थी, वहीं आरओ की जगह सादा पानी से खाना बनाते हुए अवैध वैंडरों को भी धरा।
मामले के तहत विजिलेंस टीम ने अमृतसर से मुंबई जाने वाली स्वर्णमंदिर मेल में छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान टीम को ट्रेन की पेंट्रीकार में गंदगी के साथ काफी सारी अव्यस्थाएं दिखी, जिसके बाद रेलवे पर एक बार फिर से यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ करने का सवाल खड़ा हो गया है। अमृतसर से मुंबई की ओर जा रही स्वर्णमंदिर मेल को सवाईमाधोपुर से कोटा के बीच पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलैंस टीम द्वारा औचक निरिक्षण किया गया।
टीम ने पैंट्रीकार में दो अवैध वैंडर्स को आरओ की जगह सादा पानी से खाना बनाते हुए पकड़ा। पकड़े गए वैंडर्स के पास ना तो मेडिकल कार्ड था और ना ही उन्होनें वर्दी पहनी हुई थी। वो केवल बनियान पहने यात्रियों के लिए खाना बना रहे थे वहीं पेंट्रीकार में जगह जगह बहुत गंदगी भी फैली थी।
टीम ने दोनों अवैध वैंडर्स पर 7320 रुपए का जुर्माना किया वहीं ट्रेन में अव्यवस्थाओं के मामले में संबधित रेल मंडल को जवाब देने के लिए एक रिपोर्ट भेजी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलैंस टीम ने इस रुट पर चलने वाली ट्रेनों में कई बार ऐसी कार्रवाईयों को अंजाम दिया है, जिसमें अनियमित रुप से यात्रा करने वाले यात्रियों और सुरक्षा संबधित चीजों की जांच करने पर अनियमितताएं पाई गई हैं।