राजस्थान में बीते दो दिन से जारी बारिश के दौर के बाद नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। हाड़ौती में चंबल नदी अपने पूरे उफान पर है जिसके चलते उसका पानी कोटा बैराज को भी लबालब कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, बारिश के दौर के कारण कोटा बैराज का जलस्तर भी बढ़ गया है। ऐसे में पानी नहीं समाने के कारण आज कोटा बैराज के दो गेट खोलकर पानी की निकासी की गई और चंबल के जलस्तर को लेवल पर लाया गया। बैराज प्रशासन ने दो गेट 2 फिट तक खोलकर करीब 2400 क्यूसेक पानी छोड़ा। बताया जा रहा है कि बैराज से पहले जवाहर सागर डेम से पानी की निकासी होने के कारण चंबल का जलस्तर बढ़ रहा है। जिसके बाद बैराज पानी के जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क है। गौरतलब है कि बारिश के इस सीजन का यह पहला मौका है जब बैराज के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है।